ऋषिकेश: शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुरेश गुप्ता को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के छुटमलपुर क्षेत्र से पकड़ा गया। घटना के बाद से आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और मोबाइल फोन भी बंद रखा हुआ था, लेकिन पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि 31 जनवरी की रात करीब साढ़े नौ बजे ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र के शिवाजी नगर गली नंबर 11 में किराए पर रह रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो महिला घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली, जबकि हमलावर भाग चुका था। सूचना पर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
मृतका के पिता बच्चन सिंह रावत की तहरीर पर पुलिस ने सुरेश गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि महिला का पहले ही अपने पति से तलाक हो चुका था और वह कोरोना काल के दौरान ऋषिकेश में काम करने आई थी, जहां उसकी पहचान सुरेश गुप्ता से हुई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, जिसको लेकर आरोपी के परिवार में विवाद चलता रहता था। आरोपी ने महिला से शादी करने के लिए कुछ महीने पहले अपनी पत्नी से तलाक भी ले लिया था। बताया जा रहा है कि संपत्ति और शादी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी महिला को धमकाता और मारपीट करता था। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या की असली वजह की जांच कर रही है और उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
