
नैनीताल, 8 मई 2025। नैनी महिला एवं बाल विकास समिति सूखताल द्वारा बहुद्देशीय वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से संचालित चार माह के ऐपन/रंगोली प्रशिक्षण का समापन हुआ। समापन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही, जबकि विशिष्ट अतिथि सहायक समाज कल्याण अधिकारी रोहित वर्मा और कार्यक्रम अध्यक्ष भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता थे। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के शुरुआत में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय की छात्राओं ने वंदना प्रस्तुत की, जबकि ऐपन प्रशिक्षणार्थियों ने स्वागत गीत पेश किया। सहायक समाज कल्याण अधिकारी रोहित वर्मा ने प्रतिभागियों को स्वयं सहायता समूह की जानकारी दी और स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कुमाऊं की पारंपरिक लोक चित्र कला ऐपन के माध्यम से एक विशिष्ट पहचान बनाने की बात भी की।
प्रधानाचार्य बिशन सिंह मेहता ने महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने सभी से महिलाओं के स्वरोजगार में मदद करने की अपील की ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। मुख्य अतिथि डॉ. सरस्वती खेतवाल ने महिलाओं द्वारा बनाए गए ऐपन की प्रदर्शनी को देखकर कहा कि प्रशिक्षार्थियों में बहुत प्रतिभा है और उन्हें आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने नगर पालिका स्तर पर महिलाओं द्वारा उत्पादित वस्तुओं के विक्रय के लिए स्टाल लगाने का प्रयास करने का भी आश्वासन दिया।
समारोह में एसडेल कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य नीतू रावत, जिला उपभोक्ता आयोग की वरिष्ठ सदस्य विलक्ष्मी थापा, निर्मला चंद्रा, आशा वर्कर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल, अनीता सिंह, और विभिन्न प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था की अध्यक्ष शैलजा सक्सेना ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन प्रशिक्षिका रेनू आर्य ने किया।