नैनीताल: जिले के खुर्पाताल क्षेत्र में शराब की नई दुकानों को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। मंगोली और बज़ून गांव में प्रस्तावित दुकानों के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है और धरना प्रदर्शन जारी है।
मंगलवार रात से शुरू हुआ विरोध बुधवार तक जारी रहा। बड़ी संख्या में महिलाएं दुकानों के बाहर एकत्र हुईं और जमकर नारेबाजी की। उनका कहना है कि गांव का शांत माहौल शराब की दुकानों से प्रभावित होगा और इससे परिवारों व युवाओं पर नकारात्मक असर पड़ेगा।
विरोध के दौरान ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जाम भी लगाया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबकारी विभाग ने स्थानीय परिस्थितियों को नजरअंदाज करते हुए दुकानों का टेंडर जारी किया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी है। वहीं, महिलाओं का कहना है कि वे किसी भी स्थिति में गांव में शराब की दुकानें खुलने नहीं देंगी।
फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और महिलाएं धरने पर डटी हुई हैं। प्रशासन पर अब इस मामले का जल्द समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
