हल्द्वानी: काठगोदाम में कॉलटैक्स के पास एक युवक नहर में गिरकर बह गया। मंगलवार देर रात तक पुलिस, एनडीआरएफ और सिंचाई विभाग की टीमों ने कड़ी मशक्कत की, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
मल्ला काठगोदाम चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार ने बताया कि लापता युवक की पहचान रवि कुमार (30) उर्फ मोनू, निवासी कांठ (मुरादाबाद) के रूप में हुई है। वह इंद्रानगर, काठगोदाम में अपनी बहन मंजू लता के साथ रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अक्सर बहन से मिलने आया करता था।
मंगलवार शाम रवि कॉलटैक्स के पास नहर पर खड़ा था, तभी अचानक वह फिसलकर नहर में गिर गया। सूचना पर पुलिस, एनडीआरएफ और सिंचाई विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कॉलटैक्स से मुखानी व तीनपानी तक सर्च अभियान चलाया। सुरक्षा कारणों से गौला बैराज को भी बंद करा दिया गया।
सिंचाई विभाग के अपर सहायक अभियंता पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जयपुर खीमा तक लगभग 15 किमी लंबी नहर में तलाशी अभियान चलाया गया। अनुमान है कि युवक काठगोदाम से मुखानी तक कवरिंग वाली नहर में बह गया होगा। अन्य नहरों में जालियां लगी हैं, लेकिन इस नहर में बरसात के दौरान कचरा फंसने की वजह से जाली नहीं लगाई जाती, जिससे तलाशी में दिक्कत आ रही है।
