हल्द्वानी: बरेली रोड स्थित मंडी परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और एक युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़े मिले। दोनों के सिर कुचले हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील कर साक्ष्य जुटाए।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल और 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही व्यापारियों और मजदूरों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और अगस्त 2025 से एक रीहैब सेंटर में कार्यरत थी। नौकरी के चलते वह कार्यस्थल के पास रह रही थी। वहीं शुभम के माता-पिता का निधन हो चुका है और परिवार में छह भाई-बहन हैं।
प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या अन्य व्यक्तिगत कारणों से जुड़ा हो सकता है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
