PHOTO- SOCIAL MEDIA
रामनगर: नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रविवार सुबह बिजली की लाइन ठीक करने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में संविदा पर काम करने वाले 25 वर्षीय चंद्रभान की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद वह बिजली के पोल से नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार, धमोला कालाढूंगी निवासी चंद्रभान बैलपड़ाव विद्युत सब स्टेशन में ठेकेदारी के तहत संविदा कर्मचारी के रूप में काम करता था। रविवार सुबह गैबुआ क्षेत्र में बिजली की लाइन में खराबी आने की सूचना मिली थी। इसके बाद चंद्रभान खराबी को ठीक करने के लिए मौके पर पहुंचा।
बताया जा रहा है कि चंद्रभान बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन ठीक करने का काम कर रहा था। इसी दौरान पोल के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने के बाद चंद्रभान को तेज करंट लगा और वह पोल से नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने उसे तत्काल उपचार के लिए रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चंद्रभान को मृत घोषित कर दिया।
बिजली विभाग के जेई मनोहर सिंह के अनुसार, हादसा शटडाउन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले कर्मचारी के पोल पर चढ़ जाने के कारण हुआ। उन्होंने बताया कि नीचे मौजूद कर्मचारी शटडाउन लेने की प्रक्रिया में था, लेकिन उससे पहले ही चंद्रभान पोल पर चढ़ गया।
जेई के मुताबिक, इसी दौरान चंद्रभान के सिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन से संपर्क हो गया। करंट लगने के बाद वह पोल से नीचे गिर गया।
हादसे की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
हादसे के बाद बिजली विभाग में कर्मचारियों की सुरक्षा और शटडाउन प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हाईटेंशन लाइनों पर काम करने के दौरान बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद होने की पुष्टि और सुरक्षा मानकों का पालन बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

