देहरादून: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने आगामी परीक्षाओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। नए कैलेंडर में जनवरी 2026 से लेकर जुलाई 2026 तक की परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम शामिल है। इसमें न्याय विभाग, शिक्षा विभाग, सचिवालय, कार्मिक विभाग और महाधिवक्ता कार्यालय के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रस्तावित परीक्षा तिथियां शामिल हैं।
आयोग के सचिव गिरधारी सिंह रावत ने बताया कि जनवरी 2026 में न्याय विभाग के तहत उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश परीक्षा 2023 की मुख्य परीक्षा 19 से 22 जनवरी के दौरान आयोजित की जाएगी। इसी महीने 25 जनवरी को माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा प्रस्तावित है। 31 जनवरी को महाधिवक्ता कार्यालय में समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी के पद के लिए मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
फरवरी में 8 तारीख को माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत प्रधानाचार्य पद के लिए लिखित परीक्षा प्रस्तावित है। मार्च में 14 तारीख को सचिवालय एवं लोक सेवा आयोग में अपर निजी सचिव पद की परीक्षा और 22 मार्च को महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत अधीक्षक परीक्षा 2025 आयोजित होने की योजना है।
अप्रैल में 5 तारीख को माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा 2025 और 12 अप्रैल को डेरी विकास विभाग में सहायक निदेशक पद के लिए परीक्षा प्रस्तावित की गई है। 26 अप्रैल को फिर से माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा प्रस्तावित है।
मई, जून और जुलाई महीने में भी क्रमशः एक-एक परीक्षा प्रस्तावित है। मई में 17 तारीख को कार्मिक विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2025 (PCS) की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित होगी। 14 जून को माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा की तीसरी परीक्षा आयोजित की जाएगी। कैलेंडर में आखिरी परीक्षा 5 जुलाई को कार्मिक विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2025 के रूप में निर्धारित की गई है।

