हल्द्वानी: भांजी की शादी की खुशियों के बीच एक परिवार में मातम छा गया। हल्द्वानी के रामपुर रोड पर बेलबाबा के पास सोमवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में रुद्रपुर निवासी राजीव गुप्ता (29) और कालाढूंगी निवासी सौरभ बिष्ट (29) की मौत हो गई। राजीव के साथ बाइक पर सवार उनके बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित रम्पुरा निवासी राजीव गुप्ता सोमवार को हल्द्वानी में अपनी भांजी भावना की शादी के कार्ड बांटने आए थे। शाम करीब सात बजे वह अपने बहनोई प्रेम शंकर के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलबाबा के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
दूसरी बाइक पर भी दो लोग सवार थे। हादसे में कालाढूंगी के वार्ड संख्या छह निवासी सौरभ बिष्ट की मौके पर ही मौत हो गई। सौरभ पेशे से ग्राम विकास अधिकारी थे। वहीं, राजीव गुप्ता ने भी हादसे में दम तोड़ दिया, जबकि उनके बहनोई प्रेम शंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलने पर राजीव के परिजन एसटीएच पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि राजीव की भांजी भावना की शादी आगामी 15 नवंबर को होनी है। शादी की तैयारियों के बीच राजीव की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।



