नैनीताल: भीमताल विकासखंड के ग्राम मंगोली भेवा को मोटर मार्ग से जोड़ने की मांग तेज हो गई है। सोमवार को क्षेत्र पंचायत सदस्य मंगोली-गहलना मुकेश मेहरा के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल ने गांव में जल्द मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम सभा मंगोली भेवा नैनीताल जिले का एक महत्वपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र है, लेकिन वर्तमान में गांव तक पहुंचने के लिए समुचित मोटर मार्ग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके चलते ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के साथ ही जरूरी आवागमन में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शिष्टमंडल ने बताया कि मोटर मार्ग नहीं होने का सबसे अधिक असर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में गंभीर परेशानियां होती हैं। सड़क सुविधा के अभाव में उन्हें लंबी दूरी पैदल या डोली के सहारे तय करनी पड़ती है। आपात स्थिति में यह परेशानी जानलेवा भी साबित हो सकती है।
वहीं, स्कूली बच्चों को प्रतिदिन कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए दुर्गम रास्ते से आवाजाही करना और भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में रास्ता और अधिक खतरनाक हो जाता है। बारिश के दौरान आवागमन लगभग ठप होने की स्थिति बन जाती है, जिससे ग्रामीणों को कई तरह की परेशानियां उठानी पड़ती हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश मेहरा के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने मुख्यमंत्री से ग्राम मंगोली भेवा में जल्द मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की। साथ ही संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया, ताकि ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल सके और क्षेत्र के विकास को गति मिल सके।



