हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी वंदना ने सोमवार को हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अक्टूबर माह के भीतर नगर की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और UUSDA अधिकारियों को रात-दिन काम कर समयबद्ध तरीके से सड़क मरम्मत पूरा करने को कहा। उन्होंने नरीमन चौराहे से गौलापुल तक हॉटमिक्स कार्य 10 अक्टूबर से शुरू करने और लालडांट चौराहे के सुधार कार्य को 5 अक्टूबर तक हर हाल में पूर्ण करने के आदेश दिए।
हनुमान मंदिर चौराहा कुसुमखेड़ा में चल रहे ड्रेनेज कार्य को दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह कालूसाईं से मंगल पड़ाव तक चौड़ीकरण की गई सड़क के किनारों को पक्का और समतल करने का कार्य रात्रि के समय करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने UUSDA को अक्टूबर माह में 150 किलोमीटर सड़क पुनर्निर्माण का लक्ष्य दिया है, जिसमें से 65 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने साफ कहा कि केवल गड्ढे भरने के बजाय खराब हिस्सों को पूरी तरह से पुनर्निर्मित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागरिकों से फीडबैक भी लिया और यातायात सुविधा को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि त्योहारी सीजन से पहले सभी सड़कें दुरुस्त और गड्ढा मुक्त होनी चाहिए।

