नैनीताल। मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन और ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन को देखते हुए 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बड़ी संख्या में संभावित पहुंच को देखते हुए यह आदेश जारी किया है।
महोत्सव के समापन के मौके पर नैनीताल में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही मां नंदा-सुनंदा के डोले का धार्मिक विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान शहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है, जिससे नगर क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ सकता है।
इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने 23 सितंबर को नैनीताल नगर क्षेत्र के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ महाविद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। प्रशासन के अनुसार यह फैसला छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में अवकाश के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन के साथ ही नंदा देवी महोत्सव का समापन होगा। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।



