नैनीताल। धनतेरस और वीकेंड पर कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। यह प्लान 6 नवंबर से 8 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा। इस दौरान भारी वाहनों के साथ ही बसों और चौपहिया वाहनों के लिए भी रूट डायवर्जन किया गया है। वहीं, कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं, बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा।
यातायात प्लान के तहत अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धनाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को खुटानी बैंड, भीमताल, धारी और धनाचूली बैंड के रास्ते भेजा जाएगा।
काठगोदाम से रानीखेत जाने वाले वाहन खुटानी बैंड से डायवर्ट होकर मुक्तेश्वर और रामगढ़ मार्ग से जाएंगे। वहीं, भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत और कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनिटोरियम बाईपास मोटर मार्ग होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा।
कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के निजी वाहनों के लिए भी पार्किंग व्यवस्था तय की गई है। भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक अपने वाहन विकास भवन पार्किंग भीमताल में खड़े करेंगे। यहां से स्थानीय शटल सेवा के जरिए भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंच सकेंगे। वहीं, ज्योलीकोट-गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले निजी वाहनों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में खड़ा करना होगा। यहां से भी कैंची धाम तक शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
इसके अलावा भीमताल, नैनीताल और ज्योलीकोट की ओर से खैरना, गरमपानी और बेतालघाट जाने वाले स्थानीय वाहन दूनीखाल-रातीघाट मोटर मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
पुलिस ने वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगाई है। इसमें पीली नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहन भी शामिल हैं। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित डायवर्जन, पार्किंग और शटल व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके और यात्रा सुगम बनी रहे।



