हल्द्वानी। दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (सीसीआर) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां से संचालित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी लाइव निगरानी व्यवस्था को देखा।
एसएसपी ने एसपी संचार को निर्देश दिए कि सभी कैमरे चालू हालत में रहें और उनकी लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत संबंधित थाना या चौकी को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।
पुलिस के मुताबिक, शहर के अलग अलग स्थानों पर लगाए गए 233 सक्रिय सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वहीं, ड्रोन के माध्यम से भी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख बाजारों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। इसके लिए पुलिस की निगरानी व्यवस्था लगातार सक्रिय रहेगी।



