नैनीताल: रामगढ़ तहसील में तैनात राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र देवतल्ला को रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ने मंगलवार को यह कदम उठाया, जब प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप में देवतल्ला को भूमि संबंधी कार्यों के एवज में रिश्वत मांगते हुए सुना गया। शिकायत और साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया।
जांच में यह भी सामने आया कि पटवारी सरकारी कार्यों में जानबूझकर देरी कर रहे थे और खसरा जारी करने के लिए 25 से 50 हजार रुपये तक की अवैध मांग कर रहे थे। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें तहसील खनस्यूं से संबद्ध किया गया है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रहा है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय है। साथ ही सभी कर्मचारियों को पारदर्शी आचरण अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है तो इसकी जानकारी तुरंत जिला प्रशासन या टोल-फ्री नंबर 1064 पर साझा करें।



