उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल दी है। मॉनसून तो खत्म हो गया लेकिन बारिश और बर्फबारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार से केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है। कई जगहों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।
सोमवार देर शाम उत्तराखंड के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक बदलाव दिखाया और ठंडी हवा ने लोगों को महसूस होना शुरू किया। लोग अब गर्म कपड़े निकालने लगे हैं। शाम होते ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी देखकर पर्यटक भी काफी खुश नजर आए। अक्टूबर के पहले हफ्ते में सामान्यतः इतनी बर्फबारी नहीं होती लेकिन इस बार मौसम ने अलग ही मिजाज दिखाया। मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश और चार हजार मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि बुधवार आठ अक्टूबर से बारिश और बर्फबारी का दौर थम जाएगा जिससे लोगों को राहत मिलेगी। इस साल बारिश से उत्तराखंड में कई लोगों की जान गई और नुकसान भी हुआ।
