देहरादून: उत्तराखंड ने सोमवार को अपना 26वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचे और राज्य निर्माण के लिए अपना बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उत्तर प्रदेश से अलग पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के निर्माण के लिए लंबा आंदोलन चला था। अलग राज्य की मांग को लेकर हुए संघर्ष में कई आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। इसी संघर्ष और आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए हर साल स्थापना दिवस पर शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। सोमवार को मुख्यमंत्री धामी ने भी शहीदों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने पत्र भेजकर दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर उत्तराखंड के सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार तथा सीमांत क्षेत्रों के विकास का उल्लेख किया। उन्होंने राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने पत्र में कहा कि 9 नवंबर 2000 को भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि एवं दृढ़ संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और निरंतर प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है।
उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अनूठा संगम है। मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है।
उन्होंने पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। बाबा केदारनाथ, बदरी विशाल, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं।
उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव को भी किया याद
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के कई क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का अनुभव और प्रदेश की माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है।



