अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुलदार की दहशत एक बार फिर बढ़ गई है। मंगलवार देर रात शहर के पूर्वी पोखरखाली क्षेत्र के एक पॉश मकान के बाथरूम में गुलदार घुस आया। गनीमत रही कि घरवालों की सूझबूझ से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को रेस्क्यू कर सुरक्षित पिंजरे में डाल दिया।
जानकारी के मुताबिक, यह मकान पंकज तिवारी का है, जिसमें उनके किरायेदार सुरेश कुमार रहते हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब सवा एक बजे कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। बाहर देखने पर कुछ नहीं दिखा तो वह वापस सो गए। कुछ देर बाद फिर शोर सुनाई दिया, तब जाकर उन्होंने घर के पीछे बने बाथरूम की ओर देखा तो एक कुत्ता खून से लथपथ पड़ा था और बाथरूम की स्लैब पर गुलदार बैठा हुआ दिखाई दिया। सुरेश ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए बाथरूम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और सुबह पांच बजे पुलिस व वन विभाग को सूचना दी।
सुबह करीब छह बजे मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सुरक्षा घेरेबंदी की और फिर ट्रेंकुलाइजर गन की मदद से गुलदार को बेहोश कर पिंजरे में बंद किया। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम ने बताया कि रेस्क्यू किया गया गुलदार करीब तीन से चार साल का है। उपचार के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों में गुलदारों की सक्रियता बढ़ी है। हाल ही में चीनखान, गोलनाकरडिया, गोपालधारा और त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के पास भी तेंदुए दिखाई देने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से रात के समय सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
