हल्द्वानी :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड के विज़न को साकार करने की दिशा में कुमाऊं पुलिस और औषधि नियंत्रक विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को कुमाऊं परिक्षेत्र में विशेष अभियान के तहत नशे के कारोबार पर एक और निर्णायक प्रहार किया गया।
आईजी कुमाऊं मण्डल और स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम — जिसमें औषधि नियंत्रक विभाग, SOTF कुमाऊं परिक्षेत्र और काशीपुर पुलिस शामिल रही — ने थाना काशीपुर क्षेत्र के आर्यनगर रोड स्थित माता गर्जिया मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
निरीक्षण के दौरान टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद कीं, जिनमें Tramadol के 646 कैप्सूल और Alprazolam के 953 कैप्सूल शामिल हैं। कुल मिलाकर 1599 कैप्सूल जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी सौरभ सारस्वत वैध अभिलेख या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में NDPS Act, 1985 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही औषधि नियंत्रक विभाग ने भी अलग से विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त कार्रवाई में औषधि नियंत्रक विभाग से वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार और औषधि निरीक्षक निधि शर्मा शामिल रहे, जबकि SOTF कुमाऊं और काशीपुर पुलिस टीम ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
आईजी कुमाऊं ने स्पष्ट कहा कि — कुमाऊं पुलिस का लक्ष्य है नशे के हर स्रोत को जड़ से समाप्त करना। किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह कार्रवाई ‘ड्रग्स फ्री उत्तराखंड’ की दिशा में कुमाऊं पुलिस की एक और सख्त पहल मानी जा रही है।
