हल्द्वानी: दीपावली त्यौहार को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने कुमाऊं मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया जाए।
दीपक रावत ने कहा कि बाजारों में मिलावटखोरी, जमाखोरी और कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि उपजिलाधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमें गठित की जाएं जो नियमित रूप से क्षेत्रों में गहनता से जांच करें।
उन्होंने यह भी कहा कि निरीक्षण के दौरान टीमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, हाइजीन, सफाई व्यवस्था और खाद्य खरीद संबंधी दस्तावेजों की सूक्ष्मता से जांच करें, ताकि लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
