नैनीताल: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आबकारी विभाग को कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि इस पर रोकथाम के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए और प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
डीएम रयाल ने स्पष्ट किया कि सरकारी लाइसेंस प्राप्त मदिरा दुकानों में ओवर रेटिंग की शिकायतें बिल्कुल स्वीकार्य नहीं होंगी। यदि किसी दुकान से ऐसी शिकायत मिलती है तो तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि प्रशासन की छवि को भी धूमिल करती हैं, इसलिए विभाग को पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में लापरवाही पाई गई या ओवर रेटिंग की शिकायतें मिलीं, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ तुरंत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
