लालकुआं/हल्द्वानी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर लालकुआं पुलिस द्वारा जुआ, सट्टा और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार देर रात पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के काररोड स्थित एक मकान पर छापेमारी कर सात जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से ₹1,01,650 नकद और ताश की गड्डियां बरामद कीं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि बिंदुखत्ता क्षेत्र में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने तत्काल छापेमारी की। पुलिस को देखकर जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय सिंह पुत्र रतन सिंह, विजय जोशी पुत्र भुवन चंद्र जोशी, बलवंत सिंह पुत्र स्व. खिलाफ सिंह, नरेंद्र सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, कुंवर सिंह पुत्र माधव सिंह, और कमलेश सिंह पुत्र उत्तम सिंह निवासी बिंदुखत्ता शामिल हैं।
पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी बृजमोहन राणा, एसओजी प्रभारी राजेश जोशी, उपनिरीक्षक अंजू यादव, दया किशन सती, तथा एसओजी के कॉन्स्टेबल अरुण राठौर, भूपेंद्र जेष्ठा, संतोष बिष्ट, तरुण मेहता और राजेश कुमार शामिल रहे।
कोतवाल बृजमोहन राणा ने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुआ, सट्टा और अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा जो शांति व्यवस्था भंग करेगा।
