गरमपानी: बेतालघाट ब्लॉक के ग्राम पंचायत मझेड़ा सूरी फार्म में सौर ऊर्जा से संचालित लिफ्ट सिंचाई परियोजना का शुभारंभ ब्लॉक विकास अधिकारी पंकज जोशी ने किया। यह परियोजना एस.एम. सहगल फाउंडेशन और एचडीएफसी परिवर्तन परियोजना के सहयोग से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य गांव में खेती के लिए पानी की समस्या का समाधान करना है।
इस योजना से अब तक 21 परिवारों को सीधा लाभ मिला है, जबकि कई अन्य किसान भी इससे जुड़ रहे हैं। परियोजना के माध्यम से करीब 200 नाली भूमि सिंचित हो रही है। किसानों ने बताया कि पहले वे वर्षा आधारित खेती और मोटे अनाजों पर निर्भर थे, लेकिन अब इस योजना से हर मौसम में फसल उगाना संभव हो गया है।
किसान अब सब्जी उत्पादन की ओर भी अग्रसर हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि की उम्मीद है। बीडीओ पंकज जोशी ने इस अवसर पर सभी किसानों को शुभकामनाएं दीं और एस.एम. सहगल फाउंडेशन व एचडीएफसी परिवर्तन परियोजना का आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में फाउंडेशन की पूरी टीम मौजूद रही और ग्रामीणों ने इस पहल के लिए परियोजना से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद किया।
