देहरादून: देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्र में आज सुबह आराघर टी जंक्शन पर चेकिंग के दौरान तीन पुलिसकर्मी वाहन की टक्कर का शिकार हो गए। हेड कांस्टेबल सुगन पाल, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल कमला प्रसाद चेकिंग ड्यूटी में तैनात थे, तभी एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एसएसपी अजय सिंह तुरंत अस्पताल पहुंच गए और घायलों की हालत का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पुलिसकर्मियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद आरोपी वाहन चालक मोहम्मद उमर उर्फ ताहिर को गिरफ्तार कर लिया। वाहन को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
