देहरादून: उत्तराखंड में अब मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल आसमान साफ है, लेकिन 22 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है।
मौसम रहेगा साफ, पर तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 21 और 22 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि 22 तारीख को दोपहर बाद पहाड़ी इलाकों में बादल छा सकते हैं। इसके चलते मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पहाड़ों से चलने वाली बर्फीली हवाएं अब मैदानों में ठंड का अहसास कराएंगी।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने बताया कि इस बार ‘ला नीना’ प्रभावी हो रहा है, जिसके कारण सर्दियों की शुरुआत सामान्य से पहले और अधिक तीव्रता के साथ हो सकती है। उन्होंने कहा कि नवंबर के पहले सप्ताह से ही प्रदेश में शीत लहर चलने और ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है।
दिन में धूप, रातें होंगी सिहरनभरी
मॉनसून की विदाई के बाद फिलहाल पूरे राज्य में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और शाम की ठंड बढ़ने लगी है। दिन और रात के तापमान में बढ़ते अंतर से लोगों को अब ठंड का असर महसूस होने लगा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
