किच्छा। बुधवार देर रात हल्द्वानी जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति से बाईपास पर बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर 12,000 रुपये की नकदी लूट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से अल्मोड़ा निवासी विपिन जोशी दिल्ली से हल्द्वानी जा रहे थे। रास्ते में वे अपनी बुआ की बेटी से मिलने के लिए किच्छा में रुके थे। विपिन जोशी ने बताया कि रात करीब 10 बजे जब वे हल्द्वानी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक उनके पास आए और उन्हें बाईपास तक छोड़ने की बात कही। उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया।
बाद में रात करीब 12 बजे, बाईपास के पास वही दोनों युवक फिर मिले और उन्होंने विपिन जोशी के साथ मारपीट कर 12,000 रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, पुलिस टीम ने देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया और उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। मामले की जांच जारी है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
