पौड़ी/खिर्सू: पौड़ी जिले के खिर्सू क्षेत्र में सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह की एक्सरसाइज के लिए निकले दो युवकों पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से श्रीनगर बेस अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खिर्सू के माथीगांव निवासी आदर्श पुत्र विक्रम सिंह और कठूली निवासी आकाश सिंह पुत्र भागेश सिंह अपने परिवार के साथ खिर्सू में रह रहे हैं। सुबह दोनों युवक अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए एक्सरसाइज करने निकले थे। इसी दौरान विजेंद्र सिंह के घर के पास मुख्य मार्ग पर अचानक भालू ने हमला कर दिया।
आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह दोनों युवकों को भालू के चंगुल से बचाया। घटना से ग्रामीणों में भारी दहशत है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में बढ़ती वन्यजीव गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
पौड़ी रेंज नागदेव के वन दरोगा जगदीश नेगी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। घायलों को नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जा रही है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
