हल्द्वानी : हल्द्वानी के काठगोदाम थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदयविदारक मामला सामने आया। यहां मध्य प्रदेश से आए दो सगे भाइयों ने जंगल में जहरीला पदार्थ खा लिया। इस हादसे में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई की हालत गंभीर है।
सुबह के समय बलूटी रोड के जंगल में दो युवकों को बेसुध अवस्था में पड़े देखकर आसपास काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बड़े भाई शिवेश मिश्रा (22) को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटे भाई बृजेश मिश्रा का इलाज जारी है।
थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों युवक रीवा (मध्य प्रदेश) के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे परिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और वे हल्द्वानी के लिए रवाना हो चुके हैं।
प्राथमिक जांच के अनुसार, दोनों भाइयों ने किसी अज्ञात रासायनिक पदार्थ का सेवन किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है। परिजनों के आने के बाद ही असली वजह का खुलासा हो सकेगा।
