भीमताल: ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने ग्राम सभा ल्वेशाल स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोब एवं मॉडल स्कूल ल्वेशाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ शिक्षा विभाग के अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षा की निम्न गुणवत्ता और स्वच्छता की खराब स्थिति देखने को मिली, जिस पर ब्लॉक प्रमुख ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के लिए विद्यालय प्रशासन को 15 दिन की समय-सीमा दी है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि आदर्श विद्यालय के रूप में चयनित राजकीय प्राथमिक विद्यालय डोब मेहरागांव, जो बीआरसी कार्यालय के पास ही स्थित है, वहाँ के छात्र हिंदी विषय का स्लोगन भी सही से नहीं पढ़ पाए। विद्यालय में 48 छात्र हैं और चार शिक्षक तैनात हैं, फिर भी बच्चों की हिंदी विषय पर पकड़ कमजोर मिली।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि यदि 15 दिन में शिक्षा और स्वच्छता की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई अनिवार्य होगी। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विभागीय अधिकारी 15 दिन के भीतर पुनः निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा और स्वच्छता की ऐसी स्थिति कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमुख ने कहा कि वे समय-समय पर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले चार से पाँच विद्यालयों का स्वयं निरीक्षण करेंगे। उनका लक्ष्य ब्लॉक के दो विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करना है, जिसके लिए जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों के सहयोग से कार्य किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान प्रधान मोहित कुमार, प्रदीप कुमार, मुकेश पलड़िया, पुष्पा देवी, बीडीसी पंकज सूर्या, कु. शालिनी, मोहित कुमार, रोटरी क्लब के सदस्य लाम्बा जी, शैलेंद्र शाह, जोगेंद्र शर्मा, दीपु, कुंदन जीना, कमल, बीडीओ हर्षित गर्ग, खंड शिक्षा अधिकारी केना चौहान, मोहन राम आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
