रिपोर्टर : गुंजन
नैनीताल: सरोवर नगरी के ऐतिहासिक राजभवन में आज एक यादगार अवसर देखने को मिला, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजभवन नैनीताल की 125वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने राजभवन के वर्चुअल टूर का लोकार्पण किया, जिसके माध्यम से अब आम लोग घर बैठे इस भव्य धरोहर का डिजिटल भ्रमण कर सकेंगे। वर्चुअल टूर में राजभवन की स्थापत्य कला, प्राकृतिक सुंदरता और इसके गौरवशाली इतिहास को करीब से महसूस किया जा सकेगा। यह सुविधा राजभवन की वेबसाइट governoruk.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है।
कार्यक्रम के दौरान राजभवन नैनीताल पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें इस भवन की स्थापत्य कला, ऐतिहासिक महत्व और उसकी विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। फिल्म ने दर्शकों को न केवल राजभवन के इतिहास से जोड़ा बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर की झलक भी दिखाई।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे राष्ट्रपति भवन स्वतंत्र भारत की गणराज्य व्यवस्था का प्रतीक है, वैसे ही राज्यपाल भवन लोकतांत्रिक प्रणाली की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद यह राजभवन राज्य की प्रगति और प्रशासनिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा बन गया है। राष्ट्रपति ने कहा कि राज्यपाल संविधान के तहत शासन प्रणाली के संवैधानिक प्रमुख होते हैं और उन्हें सरलता, विनम्रता, नैतिकता तथा संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यह जानकर प्रसन्नता होती है कि उत्तराखंड अपने गठन के बाद से लगातार विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने विश्वास जताया कि राज्यपाल और उनकी टीम आगे भी राज्य को नई प्रेरणा देती रहेगी।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने राष्ट्रपति मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि राजभवन नैनीताल का यह 125वां वर्ष केवल इतिहास नहीं, बल्कि परंपरा, सृजनशीलता और भविष्य की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने वर्चुअल टूर की पहल को ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन का बेहतरीन उदाहरण बताया, जो तकनीक को संस्कृति और विरासत से जोड़ती है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों ने भी माहौल को रंगीन बना दिया। लोकगीतों और लोकनृत्यों ने राज्य की विविधता और पारंपरिक समृद्धि को दर्शाया। इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नरेन्द्र जी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, न्यायमूर्ति मनोज तिवारी, महाधिवक्ता एस. एन. बाबुलकर, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
