नैनीताल: मंगलवार को माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने नैनीताल स्थित राजभवन के मुख्य द्वार का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने इस ऐतिहासिक धरोहर के मुख्य द्वार का शिलान्यास किया। यह पहल राजभवन की विरासत, संरक्षण और संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजभवन नैनीताल पिछले 125 वर्षों से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक, प्रशासनिक और स्थापत्य पहचान का प्रतीक रहा है। अपनी भव्य स्थापत्य कला, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्ता के कारण यह आज भी राज्य की गौरवशाली धरोहरों में अग्रणी स्थान रखता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सचिव राज्यपाल श्री रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, तथा अपर सचिव रीना जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

