काशीपुर: शहर में एक मनचले युवक की हरकतों से परेशान नाबालिग छात्रा ने भय और तनाव के चलते स्कूल जाना छोड़ दिया है। परिवार आरोपी पर कार्रवाई के लिए पुलिस और अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पुलिस की निष्क्रियता से नाराज़ परिजनों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है।
पीड़ित परिवार ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर महापौर दीपक बाली से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महापौर ने परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए कहा कि वे मामले में उच्च पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम सुनिश्चित कराएंगे।
आईटीआई थाना क्षेत्र निवासी पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री सरकारी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। आरोप है कि कॉलेज आते-जाते समय कॉलोनी का ही युवक लगातार अश्लील हरकतें और फब्तियां कसता है।
लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया। परिवार ने सुरक्षा की दृष्टि से उसे रिश्तेदारों के घर भेजा, लेकिन आरोपी वहां भी अलग-अलग नंबरों से फोन कर धमकियाँ दे रहा है।
छात्रा के भाई ने बताया कि जुलाई माह में आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार सहित आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
