उधमसिंह नगर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर ज़िले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि किच्छा के लालपुर क्षेत्र में मकान मालिक के बेटों ने एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने युवती का शव नहर से बरामद किया है।
मृतका की पहचान सृष्टि शर्मा (23) पुत्री रवि शंकर शर्मा, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह बीते छह महीने से लालपुर में कामेश्वर सिंह के मकान में किराए पर रह रही थी और महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी में इंटर्नशिप कर रही थी। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद वह प्रमाणपत्र लेने के लिए लौटी थी।
घटना का पूरा सिलसिला
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर सृष्टि अपने दस्तावेज लेकर कमरे पर लौटी थी और कुछ देर घर के बाहर टहलने के बाद अंदर चली गई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी अमित सिंह ने सृष्टि के साथ जबरन छेड़छाड़ की कोशिश की। प्रतिरोध करने और शोर मचाने पर उसके भाई सुमित सिंह ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद दोनों भाइयों ने शव को चादर में लपेटकर नहर किनारे फेंक दिया। आसपास के लोगों ने अमित को रात में कुछ उठाकर ले जाते हुए देखा था, जिससे पुलिस को शक हुआ।
जब सृष्टि की मां मीनू ने संपर्क करने की कोशिश की तो आरोपी अमित ने युवती के मोबाइल का फिंगर लॉक खोलकर खुद ही उसकी मां को मैसेज भेजा — मैं अस्पताल में हूं, बाद में बात करूंगी।
पुलिस पूछताछ में अमित ने यह मैसेज भेजने की बात स्वीकार की है।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुँची और कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। जिस चादर में शव लपेटा गया था, उसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सृष्टि अपने मिलनसार स्वभाव के कारण आसपास के लोगों और मकान मालिक के परिवार से घुलमिल गई थी। वह अक्सर मकान मालिक की पत्नी सरोज सिंह के साथ घरेलू कार्यों में मदद करती थी।
पुलिस कार्रवाई जारी
एसपी सिटी रुद्रपुर उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
