नैनीताल। मल्लीताल खेल मैदान में चल रहे नंदा देवी महोत्सव के मेले में शुक्रवार को ट्रेन झूले से गिरकर हल्द्वानी निवासी एक महिला घायल हो गई। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल महिला की पहचान ज्योति बिष्ट, फेज-2 बिठौरिया, हल्द्वानी निवासी के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ नंदा देवी महोत्सव में शामिल होने नैनीताल आई थीं। हादसे के समय उनके साथ उनका बच्चा भी था, लेकिन बच्चे को चोट नहीं आई।
बीडी पांडे अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रशांत ओली ने बताया कि महिला के हाथ में चोट आई है और इसके लिए सर्जरी की आवश्यकता है। बेहतर उपचार के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
वहीं, झूला संचालक का कहना है कि महिला झूले में सेल्फी लेने के दौरान असंतुलित होकर नीचे गिरी। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झूला संचालक से पूछताछ की।
हादसे के बाद झूले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठे हैं। घायल महिला के परिजनों और कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि झूला काफी तेज गति से चल रहा था और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। उन्होंने झूले में मजबूत लॉक सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की मांग की।
लोगों का कहना है कि मेले में बड़ी संख्या में परिवार और बच्चे पहुंचते हैं, ऐसे में झूलों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की नियमित जांच जरूरी है।
हालांकि, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खलीक ने बताया कि मल्लीताल खेल मैदान में झूले से महिला के गिरने की घटना संज्ञान में आई है। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया। उन्होंने कहा कि मेले में सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही झूले लगाए गए हैं।
मल्लीताल खेल मैदान में पूर्व में भी झूले से हादसा होने की बात सामने आती रही है। कुछ वर्ष पहले इसी मैदान में लगे मेले में कोलंबस झूले से एक युवक के गिरने की घटना हुई थी। इसके बाद भी झूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।
वर्तमान हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मेले में लगाए गए झूलों की सुरक्षा व्यवस्था और फिटनेस की दोबारा जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



