हल्द्वानी: मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने हल्द्वानी के स्पा सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों का पालन नहीं करने पर छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने इन सेंटरों से कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर AHTU प्रभारी म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों के दस्तावेजों और वहां काम करने वाले कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन की जांच की।
चेकिंग के दौरान कुछ सेंटरों में ग्राहक रजिस्टर में ग्राहकों का पूरा विवरण दर्ज नहीं किया गया था। वहीं कुछ कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था। पुलिस ने इसे नियमों की अनदेखी मानते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। सभी छह सेंटरों से कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्येक ग्राहक का पूरा और सही विवरण रजिस्टर में दर्ज करने को कहा गया है।
नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पा सेंटरों समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की निगरानी और चेकिंग लगातार जारी रहेगी।


