देहरादून: वीवीआईपी दौरे से जुड़ी एक भ्रामक खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई देवभूमि उत्तराखंड यूनिवर्सिटी के लेटरहेड पर वायरल हुए एक जाली पत्र के संबंध में की गई है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें यह उल्लेख किया गया था कि देहरादून में प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने वाले छात्रों को अधिक अंक दिए जाएंगे।
इस मामले में यूनिवर्सिटी के कुलसचिव सुभाषित ने थाना प्रेमनगर में प्रार्थनापत्र दिया। उन्होंने पुष्टि की कि यह पत्र पूरी तरह कूटरचित है और संस्थान की ओर से ऐसा कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
