हल्द्वानी: जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले में संचालित सभी विकास योजनाओं के कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक कार्य की समय सीमा तय होनी चाहिए ताकि जनता को असुविधा न हो।
डीएम शुक्रवार को जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पेयजल लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों को अधिकतम दो सप्ताह के भीतर दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिशासी अभियंता अपनी योजनाओं की अद्यतन सूची अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को उपलब्ध कराएं। साथ ही एडीएम को निर्देशित किया कि वह समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करें और जिन योजनाओं में कार्य अधूरा पाया जाए, उनके लिए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जल जीवन मिशन के नोडल अधिकारी एवं अधीक्षण अभियंता विशाल सक्सेना ने जानकारी दी कि जिले में मिशन के तहत 1128.12 करोड़ रुपये की लागत से कुल 518 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
उल्लेखनीय है कि लालकुआं क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पेयजल लाइन डालने के लिए सड़कें खोदी गई हैं, लेकिन निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
