नैनीताल: आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, नैनीताल द्वारा डीएसए मैदान में आयोजित 9 दिवसीय रजत जयंती समारोह का शुभारंभ भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी में आँचल के विविध दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता और नवीनता ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने प्रदर्शनी का निरीक्षण किया और दूध, लस्सी, योगर्ट, घी तथा छैना रबड़ी जैसे उत्पादों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से आँचल की छैना रबड़ी का स्वाद लेते हुए कहा कि “यह गुणवत्ता और परंपरा का उत्कृष्ट संगम है।”
प्रदर्शनी का संचालन प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी के मार्गदर्शन और विपिन तिवारी (प्रभारी विपणन पर्वतीय क्षेत्र) के नेतृत्व में किया गया। विपणन स्टॉल पर उपभोक्ताओं को दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया एवं संघ की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसकी अतिथियों एवं दर्शकों ने सराहना की।
रजत जयंती पर्व के उपलक्ष्य में लालकुआँ दुग्ध संघ के प्रशासनिक भवन और दुग्ध शाला को आकर्षक झालरों से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव और गर्व का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर कृपाल सिंह, हेमंत पाल, महेश पांडे, दीपक कुलौरा, कुंदन सिंह, मनोज कुमार और सुदर्शन मेहरा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
