नैनीताल/ रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अवैध संबंधों के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। मृतका की दादी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर निवासी सुनीता देवी पत्नी कस्व सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पोती प्रीति देवी की शादी तीन साल पहले अक्षय कुमार पुत्र भुवन चंद निवासी पटरानी नंबर दो, रामनगर से हुई थी।
प्रीति के पिता संजय सिंह का छह महीने पहले और मां सुधा का बारह साल पहले निधन हो चुका था। शादी के बाद से ही अक्षय अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और अक्सर उससे मारपीट करता रहता था।
सुनीता देवी ने बताया कि प्रीति के दो छोटे बच्चे हैं जिनकी उम्र ढाई साल और दस महीने है, जो वर्तमान में अपने दादा-दादी के साथ काशीपुर में रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को जब प्रीति और अक्षय उनके घर आए थे, तब भी आरोपी ने अपनी पत्नी से झगड़ा किया था।
इसके बाद 6 नवंबर को वह प्रीति को लेकर मालधन चला गया था।
मंगलवार शाम सुनीता देवी को सूचना मिली कि उनकी पोती की मौत हो गई है। हालांकि आरोपी ने खुद परिवार को कोई खबर नहीं दी। बुधवार सुबह जब वह पटरानी पहुंचीं, तो प्रीति का शव अस्पताल से घर लाया जा चुका था।
परिवार का आरोप है कि अक्षय ने अवैध संबंधों के शक में प्रीति की गला घोंटकर हत्या कर दी और घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।
पुलिस ने दादी की तहरीर के आधार पर आरोपी अक्षय कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
