देहरादून: उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट ने गढ़वाल क्षेत्र के लिए अग्निवीर भर्ती रैली की घोषणा की है। यह भर्ती रैली 15 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक जीबीएस कैंप, कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। सेना में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है।
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन (ARO Lansdowne) की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अभ्यर्थियों को अपने Join Indian Army के अकाउंट में लॉगिन कर लगातार अपडेट देखते रहने की सलाह दी गई है। आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर एडमिट कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इन दस्तावेजों के साथ करें रिपोर्टिंग:
अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर सुबह 3:00 बजे तक रिपोर्ट करना होगा। साथ ही प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, तीन फोटोकॉपी और सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।
शैक्षिक प्रमाण पत्र, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, संबंध प्रमाण पत्र, एनसीसी या खेल प्रमाण पत्र भी साथ रखना अनिवार्य है।
हेल्पलाइन और सतर्कता संदेश:
अभ्यर्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7456874057 जारी किया गया है। वहीं, एआरओ लैंसडाउन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी दलाल या बिचौलिए के झांसे में न आएं। सेना भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सैन्य पुलिस अधिकारियों को दें।
गढ़वाल क्षेत्र में इस भर्ती रैली को लेकर युवाओं में जोश और उत्साह देखा जा रहा है। सेना ने स्पष्ट किया है कि मेहनत और योग्यता के दम पर ही देश सेवा का यह मौका मिलेगा।
