कालाढूंगी: शुक्रवार देर रात शादी समारोह से लौट रहे मां-बेटे की बाइक हादसे में गंभीर रूप से चोट लग गई। दुर्घटना में मां की मौत हो गई, जबकि बेटा अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस के अनुसार, मल्ला फतेहपुर निवासी 24 वर्षीय प्रियांशु जोशी अपनी मां 46 वर्षीय मीनाक्षी जोशी के साथ कालाढूंगी स्थित एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे चारधाम मंदिर के पास क्षतिग्रस्त सड़क पर बिखरी हुई गिट्टी के कारण उनकी बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मीनाक्षी जोशी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं उनका बेटा प्रियांशु अस्पताल में उपचार प्राप्त कर रहा है।
मुखानी थाना प्रभारी दिनेश जोशी के अनुसार, मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक हादसे का कारण क्षतिग्रस्त सड़क और सड़क पर फैली गिट्टी को माना जा रहा है।
