देहरादून: उत्तराखंड शासन में लंबे समय से चर्चा में चल रहे बड़े प्रशासनिक बदलाव आखिरकार सामने आ गए हैं। राज्य सरकार ने एक साथ 18 आईएएस और 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए उनकी जिम्मेदारियों में व्यापक फेरबदल किया है। शासन का मानना है कि इस बदलाव से विभागों के कामकाज में तेजी आएगी और आपसी समन्वय बेहतर होगा।
जारी तबादला आदेशों के अनुसार प्रमुख सचिव मीनाक्षी सुंदरम से आवास विभाग का प्रभार हटा लिया गया है। वहीं सचिव शैलेश बगौली से पेयजल विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। सरकार ने सचिन कुर्वे को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। दिलीप जावलकर से निदेशक ऑडिट का प्रभार हटाया गया है, जबकि सचिव बीवीआरसी पुरुषोत्तम से सहकारिता विभाग वापस ले लिया गया है।
आईएएस स्तर पर हुए फेरबदल में आर. राजेश कुमार से स्वास्थ्य विभाग हटाकर उन्हें आवास विभाग सौंपा गया है। दीपेंद्र चौधरी से सचिवालय प्रशासन और आयुष विभाग का प्रभार वापस लिया गया है। विनोद कुमार सुमन से सचिव सामान्य प्रशासन और परियोजना निदेशक यूडीआरपी की जिम्मेदारी हटाई गई है। रणवीर सिंह चौहान से आयुक्त खाद्य एवं राज्य संपत्ति का प्रभार हटाकर उन्हें सचिवालय प्रशासन सौंपा गया है।
इसके अलावा अहमद इकबाल को सहकारिता विभाग, रंजना राजगुरु को आयुष विभाग और आनंद स्वरूप को खाद्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। देव कृष्ण तिवारी को नियोजन सचिव बनाया गया है। उमेश नारायण पांडे को पुनर्गठन और भाषा विभाग सौंपा गया है। राजेंद्र कुमार को सचिव सामान्य प्रशासन बनाया गया है। विजय कुमार जोगदंडे को अपर सचिव निर्वाचन की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। अनामिका को प्रतीक्षा में रखा गया है। प्रवीण कुमार को अपर निदेशक शहरी विकास नियुक्त किया गया है। वित्त सेवा के अधिकारी मनमोहन मनाली को निदेशक ऑडिट बनाया गया है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादलों में अरविंद पांडे को नैनीताल जिले का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। दिनेश प्रताप सिंह से अधिशासी निदेशक चीनी का प्रभार हटाया गया है। अनिल कुमार को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार नियुक्त किया गया है, जबकि दयानंद सरस्वती से यह जिम्मेदारी वापस ली गई है। नूपुर को अधिशासी निदेशक चीनी मिल की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके साथ ही प्रत्यूष सिंह को संयुक्त सचिव एमडीडीए, आकाश जोशी को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार के साथ उप मेला अधिकारी कुंभ, राहुल शाह को डिप्टी कलेक्टर ऊधम सिंह नगर, संदीप कुमार को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी, मनजीत सिंह को उप मेला अधिकारी कुंभ और ललित मोहन तिवारी को डिप्टी कलेक्टर पिथौरागढ़ बनाया गया है।
शासन के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को प्रदेश की विकास योजनाओं, विभागीय कार्यों और आगामी कुंभ जैसे बड़े आयोजनों की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई तैनाती से शासन-प्रशासन की रफ्तार तेज होगी। साथ ही संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में एक और तबादला सूची जारी हो सकती है, जिसमें कुछ और अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
