India/ दिल्ली: सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म बॉर्डर 2 ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत की है। 23 जनवरी को सिनेमाघरों में उतरी फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और पहले दिन की कमाई ने साफ कर दिया कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक बॉर्डर 2 ने भारत में पहले दिन करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की है। फिल्म की कुल हिंदी ऑक्यूपेंसी 32.10 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के शो में जहां दर्शकों की मौजूदगी कम रही, वहीं शाम और नाइट शो में अच्छी भीड़ देखने को मिली। खास तौर पर नाइट शो में ऑक्यूपेंसी 48 प्रतिशत से ज्यादा रही।
हालांकि, बॉर्डर 2 सनी देओल की पिछली ब्लॉकबस्टर गदर 2 का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई, जिसने पहले दिन 40 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। इसके बावजूद बॉर्डर 2 सनी देओल के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्म बन गई है। फिल्म ने सनी की जाट समेत साल 2025 में रिलीज हुई धुरंधर और सैयारा जैसी फिल्मों की ओपनिंग कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
अब फिल्म के सामने लंबा वीकेंड है और ट्रेड को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कमाई की रफ्तार और तेज हो सकती है। सोलो रिलीज का फायदा भी फिल्म को मिल रहा है। ऐसे में नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या बॉर्डर 2 पहले वीकेंड में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर पाएगी या नहीं।
