हल्द्वानी: खाड़ी देशों में बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए विदेशों में फंसे उत्तराखंड के लोगों की सुरक्षित वापसी को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जनपद के जो नागरिक कुवैत, सऊदी अरब, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में किसी कारणवश फंसे हुए हैं, उनके लिए प्रशासन की ओर से आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें जल्द सहायता मिल सके।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में बने हालात को ध्यान में रखते हुए विदेशों में रह रहे जनपद के नागरिकों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति का परिजन इन देशों में फंसा हुआ है तो वह जारी हेल्पलाइन नंबर या ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकता है। इससे प्रशासन को जानकारी मिल सकेगी और शासन स्तर पर समन्वय बनाकर उनकी सुरक्षित भारत वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।
प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन इस प्रकार हैं—
कुवैत: +965 6550 1946
ईमेल: community.kuwait@mea.gov.in
सऊदी अरब: +966 11 4884697
ईमेल: cw.riyadh@mea.gov.in
बहरीन: +973 3941 8071, +973 3840 0433
यूएई: +971 2 4492700
वेबसाइट: www.indembassyuae.gov.in
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लगातार विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावासों के संपर्क में है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर फंसे हुए नागरिकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि अगर किसी व्यक्ति के खाड़ी देशों में फंसे होने की सूचना मिलती है तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई करते हुए उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित की जा सके।
