हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर पर रोडवेज बस समेत पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक महिंद्रा स्कॉर्पियो में आग लग गई और उसकी चपेट में आकर अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार रात करीब 9:18 बजे डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला पुलिस को सूचना मिली कि होटल गॉडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर रायवाला से हरिद्वार की ओर जा रही उत्तराखंड रोडवेज बस (UK-04-PA-1678) और स्वराज-735 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई है। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो-एन ने भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे स्कॉर्पियो में आग लग गई।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर में विस्फोट की आशंका के चलते आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में आकर HR46-E0605 नंबर का ट्रोला और UK07-HC-5084 नंबर की XUV300 कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में कुसुम (30 वर्ष), पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की ट्रोले के टायरों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों में लगी आग पर काबू पाया। वहीं पुलिस ने घायलों को तुरंत राजकीय चिकित्सालय हरिद्वार और हरमिलाप अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग देहरादून के प्रसिद्ध झंडा मेले से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने घर बिजनौर लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश और कोतवाली रायवाला पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर फ्लाईओवर पर यातायात को दोबारा सुचारु किया गया।
