देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव करते हुए IAS और PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी स्थानांतरण आदेश के तहत प्रदेश के कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा जिले को नए जिलाधिकारी मिले हैं।
नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल का तबादला शासन में किया गया है। उन्हें अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वर्ष 2018 बैच के IAS अधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी क्रम में IAS अधिकारी दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार निधि यादव को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है। PCS अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार, पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी देहरादून और वैभव गुप्ता को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार नियुक्त किया गया है। वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वहीं, सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल और सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन के इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में नई जिम्मेदारियों के निर्धारण के रूप में देखा जा रहा है। अब नैनीताल और अल्मोड़ा में नए जिलाधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।



