हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोर का शव घर के अंदर ग्रिल से लटका हुआ मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक कक्षा 10 का छात्र था और नगर निगम के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कांडपाल का बेटा बताया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर मुखानी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोर की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है। हालांकि, किन परिस्थितियों में यह घटना हुई, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल किशोर की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।



