नैनीताल। नैना पीक क्षेत्र से लापता बीटेक छात्र अर्णव सिंह की तलाश में परिजनों की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है। घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं लग पाया है। बेटे की तलाश में बिहार से नैनीताल पहुंचे पिता पंकज कुमार लगातार पुलिस अधिकारियों और कोतवाली के चक्कर काट रहे हैं। हालांकि, अब तक बेटे के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिलने से परिवार बेहद परेशान है।
बुधवार को बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लेकर पिता पंकज कुमार कैंची धाम पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा नीब करौरी के दरबार में माथा टेककर बेटे की सलामती की प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने घोड़ाखाल स्थित गोल्ज्यू मंदिर पहुंचकर भी न्याय और बेटे की सकुशल वापसी की गुहार लगाई।
पिता का कहना है कि 20 दिन बीत जाने के बावजूद अर्णव के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। वह रोजाना नई उम्मीद के साथ पुलिस के पास जाते हैं, लेकिन हर दिन निराशा ही हाथ लग रही है। उन्होंने पुलिस की जांच और अब तक की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए मामले में गंभीरता से जांच करने और तलाश तेज करने की मांग की है।
पंकज कुमार ने बताया कि बेटे की तलाश में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार की उम्मीद अब भी अर्णव की सुरक्षित वापसी पर टिकी है। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को अर्णव के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस या परिवार को सूचित करें।
सूचना देने वाले को 50 हजार, सकुशल वापस लाने पर एक लाख का इनाम
बेटे की तलाश को लेकर पिता ने इनाम की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा कि अर्णव के संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये और उसे सकुशल वापस लाने में मदद करने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।
वहीं, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि लापता छात्र की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।



