हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल के पास स्थित PSP अस्पताल में 22 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार को परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतका के पति तलविंदर सिंह के मुताबिक, अर्शदीप कौर (22), निवासी ग्राम सीतापुर, गौलापार दानीबाग को 11 नवंबर को PSP अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 13 नवंबर की रात उसकी मौत हो गई। बताया गया कि अर्शदीप गर्भवती थी और उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले ही हुई थी।
महिला की मौत के बाद पति और अन्य परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि उपचार में कथित लापरवाही के कारण अर्शदीप की जान गई। परिजनों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कार्रवाई होने तक धरना जारी रखने की बात कही।
धरने की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भारी संख्या में अस्पताल परिसर पहुंची। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से बातचीत की और उनकी शिकायत सुनी। प्रदर्शन के दौरान उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी और सपा के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप भुल्लर भी परिजनों के समर्थन में मौजूद रहे।
गौरतलब है कि PSP अस्पताल पहले भी उपचार से जुड़ी शिकायतों को लेकर चर्चा में रहा है। अब गर्भवती महिला की मौत के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इलाज में लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
खबर लिखे जाने तक मृतका के पति और परिजन अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे थे। मौके पर पुलिस बल के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी परिवार के समर्थन में पहुंचे हुए थे।



