कालाढूंगी: बाजपुर-बैलपड़ाव मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात आईआरबी प्रथम बटालियन के पास कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही बैलपड़ाव चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर उनकी शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। वहीं, कार चालक की पहचान ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र के बन्नाखेड़ा निवासी के रूप में हुई है।
बैलपड़ाव चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:15 बजे सड़क हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार दोनों लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाजपुर-बैलपड़ाव मोटर मार्ग पर बाहरी राज्यों के वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। इस मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ते वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इससे पहले भी यहां कई सड़क हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की जरूरत जताई है।



