नैनीताल। नैनीताल जिले के भूमियाधार गांव में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारात में शामिल कई लोगों की अचानक तबीयत खराब हो गई। खाना खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर सात लोगों को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराना पड़ा। बीमार लोगों में एक छह वर्षीय बच्चा भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, कोटाबाग क्षेत्र के एक गांव से करीब 150 लोगों की बारात भूमियाधार पहुंची थी। विवाह समारोह में भोजन करने के कुछ समय बाद कुछ बारातियों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद सभी को उपचार के लिए भवाली सीएचसी पहुंचाया गया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों में छह वर्षीय दक्ष, 15 वर्षीय मयंक, 35 वर्षीय आशा देवी, 29 वर्षीय गोधन सिंह, 40 वर्षीय बिमला देवी, 20 वर्षीय गौरव अधिकारी और 40 वर्षीय देव सिंह शामिल हैं।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्काल उपचार शुरू किया। मरीजों को ड्रिप सहित आवश्यक दवाएं दी गईं। चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि भूमियाधार में आयोजित विवाह समारोह में कोटाबाग से बारात आई थी। अचानक तबीयत बिगड़ने पर सात लोगों को अस्पताल लाया गया था। सभी को उपचार दिया गया है और फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
घटना के बाद विवाह समारोह में मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।



